आगरा में जिम ट्रेनर युवक ने एक युवती का जीना मुश्किल कर दिया है। दोस्ती नहीं करने पर फेसबुक पर गंदे मेसेज देने शुरू कर दिए। युवती का रिश्ता तय हो गया है।
इसकी जानकारी पर युवक ने रिश्ता तुड़वाने और चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी दी है। इससे युवती दहशत में है। पीड़िता ने थाना हरीपर्वत में शिकायत की है।
सदर क्षेत्र की युवती दो साल पहले खंदारी स्थित एक बिल्डर के आफिस में कार्य करती थी। इसी बीच उसने खंदारी में एक जिम में जाना शुरू कर दिया। जिम का एक ट्रेनर उसे परेशान करने लगा। वह दोस्ती का दबाव बना रहा था।
युवती ने मना कर दिया। छह महीने बाद युवती ने जिम जाना बंद कर दिया। मगर, ट्रेनर ने एंट्री फार्म से उसका मोबाइल नंबर पता कर लिया और उसे फोन करके परेशान करता।
युवती की फेसबुक आईडी पर भी अश्लील मेसेज भेजने शुरू कर दिए। युवती ने अपना मोबाइल नंबर और फेसबुक आईडी बंद कर दी। इसके बावजूद उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं। पीछा करने लगा।
छह महीने पहले युवती ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने जिम ट्रेनर को पकड़ लिया। हालांकि जिम ट्रेनर के माफी मांगने पर युवती ने शिकायत वापस ले ली।
अब दी धमकी
युवती का कहना है कि उसका रिश्ता तय हो गया है। इसकी जानकारी पर युवक ने फिर से परेशान करना शुरू कर दिया है। फेसबुक पर एक दूसरे नाम से बनाई गई आईडी से मेसेज भेज रहा है।
इसमें रिश्ता तुड़वाने और चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी दी है। इससे वह दहशत में। सोमवार को युवती ने थाना हरीपर्वत में शिकायत की है।