कासगंज। कोरोना काल में इस बार प्रत्येक क्षेत्र को ऑनलाइन बढ़ावा मिल रहा है। अब ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों पर किए गए खर्च का लेखा जोखा भी ऑनलाइन परखा जाएगा। इसके लिए जिला पंचायत राज विभाग ने पंचायतों के फोल्डर तैयार करा दिए हैं। विभाग ने यह स्पष्ट कर दिया है कि एक बार ऑडिट से चूक गए तो दूसरा मौका नहीं मिलेगा। प्रधान और सचिवों पर कार्रवाई होगी।
जिलेभर की 423 ग्राम पंचायतों में हर साल विकास कार्यों पर खर्च किए गए धन का ऑडिट होता है, लेकिन इस बार कोरोना काल में ऑडिट मार्च, अप्रैल में नहीं हो पाया। अब ऑडिट की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है लेकिन इस बार बदलाव कर दिया गया है। अब मैनुअल ऑडिट नहीं होगा। सभी पंचायतों का ऑनलाइन ऑडिट कराया जाएगा। तैयार किए गए ऑनलाइन फोल्डर के माध्यम से ऑडिट शुरू कराया जाएगा। डीपीआरओ ने सभी ग्राम पंचायत प्रधानों और सचिवों को निर्देश दिए हैं कि जैसे ही ऑडिट की तिथियां निर्धारित हो जाएं ऑनलाइन ऑडिट पूरा करा लिया जाए। डीपीआरओ ने चेतावनी दी है कि यदि इस काम में लापरवाही हुई तो दूसरा मौका नहीं मिलेगा। ऑडिट पूरा न करने वाली पंचायतों पर विभागीय कार्रवाई होगी।
अधिकारी का कहना
- इस बार ऑनलाइन ऑडिट कराया जाएगा। फोल्डर तैयार करा दिए गए हैं। जल्द ही तिथियां निर्धारित कर दी जाएंगी। उसी के अनुसार ऑडिट होगा। - शहनाज अंसारी, डीपीआरओ।