पटियाली कस्बे के मुख्य बाजार में झोलाछाप के यहां पैर में चोट के लिए पट्टी कराने गए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और मुख्य बाजार में जाम लगा दिया।
लगभग आधा घंटे तक जाम लगे रहने से लोगों को समस्याएं हुईं। झोलाछाप फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशितों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर झोलाछाप के खिलाफ पटियाली कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें- खुशखबरः कोरोना महामारी के खौफ के बीच एक बार फिर हाथों में खनकेगी सुहागनगरी की चूड़ियां
कोतवाली क्षेत्र के गांव आजादनगर निवासी सुरेश(40) पुत्र प्यारे लाल के पैर में खेत में काम करते समय चोट लग गई। वह पैर की चोट के लिए पट्टी कराने नरदौली रोड स्थित मुख्य बाजार में रक्षपाल सिंह के क्लीनिक पर गया। झोलाछाप ने उसे पैर की चोट की पट्टी करने के साथ एक इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन से रिएक्शन हो जाने से सुरेश की मौत हो गई।