सहावर (कासगंज)। कस्बे में झोलाछाप की लापरवाही से प्रसव के बाद अधिक रक्तस्राव होने से जच्चा की मौत हो गई। जबकि बच्चा सुरक्षित है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने झोलाछाप पर लापरवाही और अभद्रता का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। वहीं, झोलाछाप फरार हो गई है। स्वास्थ्य विभाग भी जांच में जुट गया है।
घटना बृहस्पतिवार सुबह की है। गांव तारापुर निवासी भगवानदास की पत्नी पूनम गर्भवती थी। उसे कस्बे में ही स्थित झोलाछाप बीना राजपूत के क्लीनिक पर भर्ती कराया। भगवानदास का आरोप है कि बुधवार रात में झोलाछाप ने प्रसव कराया। पूनम ने एक पुत्र को जन्म दिया। बृहस्पतिवार सुबह जच्चा की हालत बिगड़ने से मौत हो गई। आरोप है कि झोलाछाप ने परिवार के साथ अभद्रता भी की और फिर मौका देखकर फरार हो गई। घटना की सूचना पर सहावर थाना प्रभारी राजेश मीणा पुलिसबल के साथ पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इधर, भगवानदास की तहरीर पर सहावर थाने में झोलाछाप के खिलाफ लापरवाही से प्रसव करने और अभद्रता में अनुसूचित जाति, जनजाति एक्ट के तहत मुकदमा हुआ है।
तो शायद बच जाती पत्नी की जान
महिला की मौत के बाद पति ने स्वास्थ्य विभाग पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। भगवानदास का कहना है कि उसने बुधवार को पहले पत्नी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहावर में भर्ती कराया लेकिन वहां महिला चिकित्सक ने न उसे देखा और न ही भर्ती किया। बल्कि दूसरी जगह ले जाने को कहा। अनुरोध के बाद भी जिला अस्पताल रेफर नहीं किया। यदि पत्नी को भर्ती कर लिया जाता तो शायद उसकी जान बच जाती।
पुलिस कर रही झोलाछाप की तलाश
- प्रथम दृष्टया जांच में मोहनपुर रोड पर झोलाछाप की लापरवाही से प्रसव के बाद महिला की मौत हुई है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
- शैलेंद्र परिहार, सीओ, सहावर।
क्लीनिक का नहीं है पंजीकरण
- झोलाछाप महिला पर न तो कोई डिग्री है और न ही क्लीनिक का पंजीकरण है। मामले में विभागीय स्तर से जांच भी शुरू करा दी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. अविनाश, डिप्टी सीएमओ।
सरकारी चिकित्सक पर लगाए आरोप गलत
- प्रथम दृष्टया पाया है कि प्रसव के बाद अधिक रक्तस्राव होने से महिला की मौत हुई है। नवजात बच्चा स्वस्थ है। सरकारी चिकित्सक पर लगाए गए आरोप गलत हैं। फिर भी जांच कर रहे हैं। - प्रवीन श्रीवास्तव, चिकित्साधीक्षक सहावर।