प्रदेश के आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री
- फोटो : अमर उजाला
पुष्पेंद्र यादव एनकाउंटर के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में भूचाल मचा हुआ है। जहां सपा इस मामले को लेकर योगी सरकार को घेरने में जुटी है, वहीं प्रदेश के आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री ने पुष्पेंद्र एनकाउंटर पर विरोधी दलों को राजनीति न करने की सलाह दी है।
शनिवार को अमर उजाला से खास बातचीत में आबकारी मंत्री ने कहा कि पुष्पेंद्र खनन माफिया था। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वो मारा गया। सपा उसकी मौत पर जातिगत राजनीति कर रही है। सपा का काम शुरू से ही अपराधियों को बचाना रहा है।
उन्होंने कहा कि सपा सोची समझी साजिश के तहत इस मामले को तूल दे रही है। जिलाधिकारी ने मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। जांच पर सभी को भरोसा करना चाहिए। भाजपा सरकार के लिए जनता की सुरक्षा सबसे पहले है। अपराधी की कोई जाति धर्म नहीं होता है, वो अपराधी ही होता है।