कासगंज के गोराहा में सराफा की दुकान में चोरी की घटना के बाद जानकारी करती पुलिस ।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव गोरहा के समीप बाजार में चोरों ने सराफा की दुकान में हमला बोला। नकब लगाकर चोर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। पीड़ित व्यापारी से विस्तृत जानकारी ली।
कासगंज निवासी पंकज सूर्यवंशी सराफा कारोबारी हैं। उनकी दुकान गोरहा नहर पर है। बुधवार शाम को दुकान बंद करके अपने घर चले गए। बृहस्पतिवार सुबह जब गोरहा नहर के बाजार में पहुंचे तो देखा कि दुकान में नकब लगा हुआ था। जानकारी पर व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी रमेश भारद्वाज मौके पर पहुंच गए। यहां उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। व्यापारी से जानकारी ली और आस पास के लोगों से पूछताछ की। व्यापारी ने पुलिस को बताया कि लगभग 5 किलो चांदी और 20 ग्राम सोना अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं।
बुलाए फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वायड
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट एवं डॉगस्क्वायड टीम को बुलाया। मौके का निरीक्षण कराया। व्यापारी को भरोसा दिया कि जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा। टीम खुलासे में जुट गई है।