भोगांव। गांव छिबकरियां में चोरोंं ने बृहस्पतिवार रात एक घर के दो कमरों में नकब लगाकर करीब चार लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी की वारदात अंजाम दी। शुक्रवार सुबह जागने पर परिजन को जानकारी हो सकी, पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद केस दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के गांव छिवकरिया निवासी सुमित यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को परिवार के सभी लोग खाना खाकर सोने के लिए चले गए थे। बरामदे में माता पिता व एक कमरे में भाई-भाई सो रहे थे। रात में चोरों ने मकान के दो कमरों में नकब लगाकर प्रवेश किया और बक्से व अलमारी में रखे करीब चार लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी की वारदात अंजाम दी। शुक्रवार सुबह जब परिजन जागे तो कमरों में सामान बिखरा देख होश उड़ गए। घर के पीछे जाकर देखा तो नकब लगा हुआ था। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गृहस्वामी से जानकारी ली। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज करने के बाद खुलासे को लेकर प्रयास शुरू कर दिए हैं।
किसी परिचित के शामिल होने का शक...
गांव छिबकरिया निवासी सुमित के घर में जिस तरह से चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है, उसे देख कर लगता है कि चोरी की घटना में कोई परिचित भी शामिल रहा होगा, जिसे परिवार के लोगों के सोने, खाली कमरों की जानकारी थी। तभी तो चोरों ने उन दो कमरों में नकब लगाया, जिनमें कोई नहीं था। दो अन्य कमरों में चोर दाखिल नहीं हुए।