फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धनतेरस पर चमका बाजार: खरीददारी के लिए लगी कतार, 750 करोड़ का हुआ कारोबार

Sat, 11 Nov 2023 09:31 AM IST
धीरेन्द्र सिंह अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा

सार

पंचोत्सव ने बाजार की मंदी को फिर दूर किया। पंचोत्सव के पहले दिन धनतेरस पर बाजार खनका। हर वर्ग ने बाजार का रुख किया तो चंद घंटों में ही 750 करोड़ रुपये से ज्यादा की बिक्री हुई। इनमें ऑटोमोबाइल और ज्वेलरी की बिक्री काफी ज्यादा रही। 
विज्ञापन
धनतेरस पर आगरा का बाजार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा में धनतेरस पर बाजार में इस बार ऐसा धन बरसा कि सराफा, ऑटोमोबाइल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन और गिफ्ट के बाजार की चांदी हो गई। सोने और चांदी के सिक्कों से ज्यादा इस बार आभूषणों की बिक्री हुई तो कारोंं और दोपहिया वाहनों ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। इलेक्ट्रिक दोपहिया और चार पहिया की भागीदारी इस धनतेरस में बढ़ गई। वहींं, बर्तन, गिफ्ट बाजार पर भी धनवर्षा जमकर हुई। बाजार के आंकड़ोंं के मुताबिक करीब 750 करोड़ रुपये का कारोबार धनतेरस पर शुक्रवार को हुआ। देर रात तक शोरूमोंं में खरीदारी जारी रही।
विज्ञापन


इस बार दो दिन धनतेरस का मुहूर्त है। शनिवार को भी धनतेरस मनाई जाएगी। ऐसे में धनतेरस का कारोबार और भी ज्यादा हो सकता है। इसमेंं सराफा की रफ्तार ज्यादा रही, जबकि सोने और चांदी के दाम बीते साल से इस बार ज्यादा हैं। धनतेरस पर सोना 61311 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 72127 रुपये प्रति किलोग्राम बिकी। चांदी के सिक्कों के साथ बर्तनों, मूर्तियों और कलाकृतियों की मांग बनी रही।

आभूषणों ने ज्यादा लुभाया
शहर के सराफा बाजार में लक्ष्मी की कृपा खूब बरसी। महंगाई का खास असर खरीदारों पर नहीं दिखा। सोना-चांदी के सिक्के के उलट आभूषण खूब बिके। एमजी रोड स्थित दीनदयाल आनंद कुमार के चांदी शोरूम पर रात तक भीड़ रही। इसी तरह तनिष्क के साथ एमजी रोड के सराफा शोरूमों पर ग्राहकों की भीड़ रात 11 बजे तक रही। चांदी का 10 ग्राम का सिक्का 750 रुपये का तो 20 ग्राम का लक्ष्मी गणेश, डॉलर और जॉर्ज पंचम की छवि वाला सिक्का 1500 रुपये का बिका। सोने में दो, चार और 10 ग्राम का सिक्का ज्यादा चला, वहीं महिलाओं ने हल्के गहनों को पसंद किया।

आईफोन और लैपटॉप की रही मांग
आईफोन और लैपटॉप की मांग सबसे ज्यादा रही। आईफोन-15 के तीनों मॉडलों के लिए युवाओं में क्रेज रहा, जबकि 25 से 40 हजार रुपये के फोन और 50 से 80 हजार रुपये के लैपटॉप की बिक्री भी हुई। इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार की चमक एलईडी के साथ बड़े रेफ्रिजरेटर और फुली ऑटोमेटिक वाशिंग मशीन की बिक्री ने भी बढ़ाई।

एसयूवी ने भरा फर्राटा, इलेक्ट्रिक वाहनों की धूम
बीते साल सेमी कंडक्टर की समस्या के कारण ऑटोमोबाइल बाजार मेंं दिवाली पर कारें कम बिकीं थी, जबकि मांग ज्यादा थी। इस बार उपलब्धता और पहले से ही बुकिंग का असर ये रहा कि रिकाॅर्ड संख्या मेंं कारों की बिक्री हुई। इनमें एंट्री लेवल की कारें नहीं, बल्कि 12 से 25 लाख रुपये के सेगमेंट वाली एसयूवी की मांग सबसे ज्यादा रही। कारों में सिडान और एसयूवी का जलवा रहा, जबकि एंट्री लेवल कारें कम रहीं। करीब 2000 कारें धनतेरस पर डिलीवर की गई और बाइक, स्कूटी की संख्या 6000 को भी पार कर गई। मारुति, टाटा, महिंद्रा, होंडा, किया, हुंडई के शोरूमों पर देर रात तक कारों की डिलीवरी चलती रही। हीरो, होंडा, सुजुकी, टीवीएस, बजाज, यामाहा समेत दोपहिया वाहनों की बिक्री खूब हुई। इलेक्ट्रिक बाइक और स्कूटी भी खूब बिकीं। ऑटोमोबाइल डीलरों के लिए धनतेरस पर डिलीवरी देना मुश्किल पड़ गया।

 

अच्छा कारोबार रहा
तनिष्क संचालक अनुराग बंसल ने बताया कि धनतेरस पर बीते सालों से अच्छा कारोबार रहा। शनिवार को भी धनतेरस रहेगी। ऐसे में लोग सोने, चांदी के आभूषणों की खरीद कर सकते हैं।

खरीदारों में दिखा जोश
सराफा एसोसिएशन के मंत्री देवेंद्र गोयल ने बताया कि बाजार में इस बार अच्छी बिक्री हुई है। सोने और चांदी के रेट हालांकि ज्यादा थे, लेकिन खरीदारों में जोश ज्यादा है। आज भी बाजार में बिक्री की चमक बनी रहेगी

कारों की बिक्री बढ़ी
ऑटोमोबाइल एसोसिएशन ऑफ आगरा की अध्यक्ष  रंजना बंसल ने बताया कि कॉमर्शियल वाहनों की बिक्री बीते सालों की तरह रही, पर कारों में जबरदस्त इजाफा हुआ है। खासकर इलेक्ट्रिक कारों के प्रति लोगों का रुझान बढ़ा है।


इलेक्ट्रिक बाइक, बुलेट की मांग ज्यादा
रॉयल एनफील्ड के डीलर मनोज जादौन ने बताया कि इलेक्ट्रिक बाइक और बुलेट की मांग बहुत ज्यादा रही है। लोगों में इस बार इनका पैशन ज्यादा देखा गया। स्कूटी के साथ इलेक्ट्रिक बाइक पर लोगों का भरोसा बढ़ रहा है।
 
विज्ञापन

इतने का हुआ कारोबार 
300 करोड़ रुपये का सराफा कारोबार
270 करोड़ रुपये के ऑटोमोबाइल्स बिके
55 करोड़ से ज्यादा इलेक्ट्रॉनिक्स सामान
30 करोड़ का रियल एस्टेट कारोबार
25 करोड़ का बर्तन कारोबार
50 करोड़ रुपये का गिफ्ट कारोबार
20 करोड़ के मोबाइल व गैजेट
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें