आगरा के कमला नगर क्षेत्र के सराफा कारोबारी गौरव पोद्दार से उनकी पत्नी की सहेली और उसके परिजनों ने 6.75 करोड़ की ठगी कर ली। तगादा करने पर आरोपियों ने संपत्ति नाम करने का फर्जी एग्रीमेंट किया। फर्जी की जानकारी होने पर जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर कमला नगर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मधुबन सोसाइटी निवासी गौरव पोद्दार ने पुलिस को बताया कि वह और पत्नी संगीता मोती कटरा क्षेत्र में शिव शक्ति ट्रेडर्स नाम से सोने-चांदी की दुकान संचालित करते हैं। पत्नी की सहेली वीएस टावर, ईंट की मंडी, सिकंदरा निवासी पिंकी झा और उसके परिजन ने उधार पर व्यापार करने की बात कही और मुनाफा कमाकर देने का भरोसा दिलाया।
17 अक्तूबर 2025 को पिंकी की फर्म किनारी बाजार स्थित एए एंटरप्राइजेज को सोने-चांदी के आभूषण भेज दिए। उसने 11 करोड़ 58 लाख रुपये का माल लेकर 4.83 करोड़ का भुगतान किया, 6 करोड़ 75 लाख रुपये बकाया रह गए। भुगतान मांगने पर आरोपी टालमटोल करते रहे। इसके बाद पिंकी झा, उसकी सास उमा रानी और ननद कंचन झा ने एक प्लॉट की संपत्ति का मूल बैनामा और एग्रीमेंट देकर 6.75 करोड़ रुपये के भुगतान का आश्वासन दिया।
बाद में वह एग्रीमेंट फर्जी और कूटरचित निकला। जब उन्होंने कानूनी कार्रवाई की बात कही तो आरोपियों ने षड्यंत्र कर फंसाने और रकम हड़प लेने की धमकी दी। 31 अक्तूबर 2025 को दुकान पर बकाया रकम मांगने पहुंचे तो पिंकी के पति रोहित झा, देवर मोहित झा, ननद कंचन झा आदि ने पिटाई करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी नहीं माने। इसके बाद उन्होंने माल की रसीदें, बिल और अन्य दस्तावेज पुलिस आयुक्त दीपक कुमार को दिखाए। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि आरोपी परिवार के सात सदस्यों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।