मकान के ताले तोड़कर दो लाख के जेवर-नकदी चोरी
तिजोरी नहीं खोल पाए चोर, सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। शहर के मोहल्ला गाड़ीवान दक्षिणी में बुधवार की रात चोरों ने एक मकान के ताले तोड़ दिए। करीब दो लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी की वारदात अंजाम दी। तिजोरी उठा कर ले गए। लेकिन तोड़ने में नाकाम रहे। उसे पड़ोसी की छत पर छोड़ कर भाग गए। पीड़ित की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गाड़ीवान दक्षिणी निवासी अमित पाटकर अकाउंटेंट हैं। बुधवार को वह कासगंज चाचा के यहां गमी में परिवार के साथ गए थे। इसी का फायदा उठा कर चोर देर रात घर में घुस गए। कमरों के ताले तोड़ कर अलमारी और बक्सों में रखी 26 हजार रुपये की नकदी, एक सोने की चेन, झुमकी, दो अंगूठी, दो जोड़ी पायल सहित करीब दो लाख रुपये का सामान आदि चोरी कर ले गए। घर में रखी तिजोरी भी उठा ले गए। लेकिन उसे तोड़ने में नाकाम रहे। तिजोरी को पड़ोसी की छत पर पड़ा छोड़ गए। अगले दिन अमित घर वापस लौटे तो चोरी की जानकारी हुई। पड़ोसी की छत पर तिजोरी सही सलामत मिल गई। सीसीटीवी में चोरी के समय घर से निकलते हुए एक संदिग्ध भी कैद हुआ है। पीड़ित ने काेतवाली में तहरीर दी। लेकिन तीन दिन बाद भी रविवार को मुकदमा दर्ज नहीं हो सका।
पड़ोसी पर लगाया चोरी का आरोप
रविवार को कोतवाली पहुंचे अमित पाटकर ने बताया कि सीसीटीवी में जो संदिग्ध नजर आ रहा है। वह पड़ोस का ही रहने वाला है। उसी ने घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। घटना वाले दिन से ही वह गायब भी है। पुलिस को भी इस बारे में बताया है। अमित ने बताया कि उनकी तिजोरी में करीब तीन लाख रुपये से अधिक मूल्य के जेवर थे जो कि बच गए।