बेवर। नगला पैंठ में चोरों ने सोमवार की रात एक मकान के पिछले हिस्से में नकब लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दी। चोरी करीब तीन लाख रुपये के जेवर और नकदी आदि चोरी कर ले गए। मंगलवार की सुबह जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के नगला पैंठ गांव निवासी अतुल कुमार सोमवार की रात खाना खाने के बाद पत्नी और बच्चों के साथ छत पर सोने के लिए चले गए थे। रात में किसी समय चोरों ने मकान के पिछले हिस्से में नकब लगा दिया। कमरे में प्रवेश कर उसमें रखी अलमारी और बक्सा के ताले तोड़ कर करीब तीन लाख रुपये के जेवर और 60 हजार रुपये की नकदी चुरा ले गए।
मंगलवार की सुबह जब परिवार के सदस्य नीचे आए तो कमरे में रखा सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। देखा कि कमरे में नकब लगा था। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण की। फाॅरेंसिक टीम ने जांच के लिए नमूने एकत्र किए। पीड़ित की ओर से दी गई तहरीर पर थाना पुलिस ने जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस जल्द खुलासा किए जाने की बात कह रही है।