आगरा। जेबी स्पोर्ट्स हब के तत्वावधान में आयोजित ताज फ्रेंडशिप क्रिकेट सीरीज का शुक्रवार को समापन हो गया। आगरा की जेबी क्रिकेट अकादमी ने एटा की बालाजी क्रिकेट अकादमी को हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।
सीरीज के अंतिम और निर्णायक मुकाबले में बालाजी क्रिकेट अकादमी की टीम 32.1 ओवर में 90 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से आदर्श ने 20 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। जेबी क्रिकेट अकादमी की ओर से कप्तान विवेक गोला और सुमित रघुवंशी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए। वहीं भानु निषाद ने दो विकेट चटकाए।
91 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेबी क्रिकेट अकादमी की टीम ने 12.4 ओवर में दो विकेट खोकर 92 रन बनाकर मुकाबला आसानी से जीत लिया। टीम की ओर से मानव यादव ने नाबाद 44 रनों की शानदार पारी खेली और जीत के नायक रहे। उनके साथ आदि उपाध्याय 9 रन बनाकर नाबाद रहे।
पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता टीम जेबी क्रिकेट अकादमी को ट्रॉफी प्रदान की गई। सभी खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही एटा की टीम को भी प्रमाणपत्र, ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजक सत्येंद्र सिंह राणा, मुरारीलाल बघेल, धर्मवीर यादव, जगबीर सिंह राणा, रवि यादव सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।