मैनपुरी। जनता कर्फ्यू से पहले शनिवार को शहर के बाजारों मे लोगों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने बड़ी संख्या में बाजार पहुंचकर खाने-पीने के सामान की खरीदारी की। बड़ी संख्या में लोग दवा खरीदने भी पहुंचे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस से लड़ने के लिए रविवार को जनता कर्फ्यू के जरिए लोगों से सहयोग की अपील की है। इसे देखते हुए जिले के लोग बड़ी संख्या में शहर के बाजारों में पहुंचे। सब्जी की दुकानों और परचून की दुकानों पर सर्वाधिक भीड़ देखी गई। शहर की सब्जी मंडी में लोगों का हुजूम उमड़ा। कर्फ्यू के चलते लोगों कई दिनों के लिए एक साथ सब्जी की खरीदारी की। परचून की दुकान पर भी लोगों की भीड़ रही। लोगों को आटा, दाल, चीनी, चावल आदि खरीदते हुए देखा गया। भीड़ के चलते शहर में लेनगंज और आगरा रोड पर जाम के हालात रहे। जाम खुलवाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
जनता कर्फ्यू में सहयोग करें
कोरोना वायरस खतरनाक है, बचाव ही इसकी सबसे बड़ी पहल है। इसे देखते हुए लोगों को जनता कर्फ्यूू में सहयोग करना चाहिए।
जितेंद्र श्रीवास्तव, रठेरा
जरूरत की चीजें खरीदीं
कोरोना वायरस को लेकर प्रधानमंत्री ने जो अपील की है उसमें सभी लोग सहयोग करें। शनिवार को जरूरत की चीजों की खरीदारी की है।
सुरेश चंद्र, छपट्टी
सभी की है जिम्मेदारी
कोरोना वायरस को महामारी घोषित किया गया है। इसे देखते हुए सभी दुकानदारों को जनता कर्फ्यूू में सहयोग करना चाहिए। यह हम सबकी जिम्मेदारी है।
रनवीर सिंह, सब्जी विक्रेता
बाजारों में रही भीड़
आम दिनों की तुलना में शनिवार को बाजारों में भीड़भाड़ अधिक रही। लोगों ने सब्जी, आटा, चावल, दाल के साथ ही अन्य जरूरी चीजों की खरीदारी की।
रामखिलाड़ी यादव, व्यापारी