श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भगवान के जन्म का साक्षी बनने के लिए मथुरा आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन और पुलिस ने कई व्यवस्थाएं की हैं। खासकर निजी वाहन से आने वाले लोगों के लिए कई पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। शहर में वाहनों का प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा।
मथुरा के एसपी सिटी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि शहर में प्रवेश करने वाले 12 मार्गों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। 15 अगस्त को शहर में वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। यातायात पुलिस एवं पुलिस इन मार्गों पर मुस्तैद रहेगी।
गोकुल रेस्टोरेंट, छटीकरा, गणेशरा, गोवर्धन चौराहा, मंडी समिति, बजरंग धर्मकांटा, गोवर्धन पैलेस, टाउनशिप, पुराना एआरटीओ कट, गोकुल बैराज, लक्ष्मीनगर यमुना पुल, वृंदावन के पानी गांव शहर के प्रवेश मार्ग हैं।
वहीं जन्माष्टमी को लेकर श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास समेत शहर में होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, धर्मशाला में रविवार को चेकिंग कराई गई। पुलिस ने इन स्थानों पर ठहरे लोगों की आईडी चेक किए और सामानों की भी तलाशी ली। हालांकि संदिग्ध कुछ भी नहीं मिला। एसपी सुरक्षा सिद्वार्थ वर्मा ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर चेकिंग की गई है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी तक यह क्रम बदस्तूर जारी रहेगा।