अयोध्या में भगवान श्री राम के मंदिर का निर्माण तेज गति से हो रहा है, लेकिन उससे पहले आपको आगरा में इस मंदिर के दर्शन होंगे। दरअसल आगरा में आयोजित होने वाले जनकपुरी महोत्सव में जनक महल को राम मंदिर की तर्ज पर बनाया जाएगा।
मर्यादा पुरुषोत्तम राम की अगवानी के लिए जनकपुर में उत्सव का माहौल है। आयोजन को भव्य बनाने के लिए बैठकों का दौर चल रहा है। निर्णय लिया गया है राजा राम की अगुआई के लिए जनकपुरी का महल अयोध्या स्थित राजा राम मंदिर की तर्ज पर सजाया जाएगा। आयोजन समिति चाहती है कि अयोध्या में राम मंदिर पूर्ण होने से पहले जनकपुरी में ही राम मंदिर के दर्शन करा सकें।
विज्ञापन
दो दिन से समिति के सदस्य संजय प्लेस के हर ब्लॉक में घूम-घूमकर समस्याओं को परख रहे हैं, कहां क्या काम कराया जाना है इसकी सूची तैयार की जा रही है। इसके बाद रामलीला कमेटी के अध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल को कार्यों की सूची दी जाएगी, जिससे वो विभागों को विकास कार्य के लिए निर्देशित कर सकें। आयोजन समिति अध्यक्ष मुरारीलाल अग्रवाल ने बताया इस बार जनकपुरी पांच दिनों तक पूरी भव्यता से सजी रहेगी। 10 अक्तूबर से 14 अक्तूबर तक विभिन्न आयोजन होंगे। शनिवार को विस्तारित कार्यकारिणी की घोषणा कर दी जाएगी।
बनने के साथ ही उखड़ने लगी सड़क
जनकपुरी आयोजन से पूर्व यस बैंक से लेकर एमडी जैन इंटर काॅलेज के सामने बनाई गई सड़क अभी से उखड़ने लगी है। जगह-जगह गिट्टियां उखड़ने से मिथिलावासियों में रोष है। आयोजन समिति के राजू अग्रवाल का कहना है कि स्थानीय पार्षद से शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही।
शौचालय अतिक्रमण मुक्त हों
आयोजन समिति के सचिव वीरेन मित्तल का कहना है कि यह समय निर्माण का है लेकिन एडीए की टीम संजय प्लेस में आए दिन तोड़फोड़ कर रही है। व्यापारी विनय मित्तल ने बताया कि संजय प्लेस की हर बिल्डिंग की प्रत्येक मंजिल पर शौचालय हैं, जो अतिक्रमण की भेंट चढ़ चुके हैं, इन्हें अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए।
सन 1994 में 29 साल पहले जब संजय प्लेस में जनकपुरी सजाई गई थी तब पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह भी जनकपुरी आयोजन में शिरकत करने आए थे। कमेटी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित करने लखनऊ जाएगी।