कासगंज। जमातियों और बाहर से आकर घरों में छिपने वाले लोगों की तलाश के लिए पुलिस प्रशासन ने मुखबिरों का जाल बिछा दिया है। मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ ही अन्य धर्म के लोगों से भी सहयोग मांगा गया है। साथ ही राजस्व और सफाई कर्मचारियों को ब्यौरा खंगालने की जिम्मेदारी दी गई है। जिलेभर में खुफिया तंत्र भी निगरानी बनाए हुए हैं।
जिले में अलीगढ़ से लौटे सिर्फ दो जमाती ही संदिग्ध मिले हैं, जिनमें कोरोना के लक्षण मिले हैं। इसके बावजूद सतर्कता बरकरार है। मुस्लिम धर्मगुरुओं से प्रशासन ने अपील की है कि बाहर से आने वाले या किसी क्षेत्र में जमात हुई हो वहां से आने वाले लोग बस्तियों में आए हैं तो उनकी जानकारी तत्काल साझा करें। इसके अलावा सभी सफाई कर्मचारियों, राजस्वकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अपने क्षेत्रों में बाहर से आने वाले जमातियों की तलाश करें और सूचना पुलिस और प्रशासन को दें।
की जा रही निगरानी
- जो सूची अब तक मिली थी उसके अनुसार जमातियों की तलाश की गई। दो जमाती जिला चिकित्सालय में भर्ती हैं। अन्य और कोई जमाती नहीं मिला है। राजस्वकर्मियों को निर्देशित किया है कि वे क्षेत्र में निगरानी रखें- ललित कुमार, एसडीएम।
सक्रिय है मुखबिर तंत्र
- मुखबिर तंत्र सक्रिय किया है। सर्किल के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अपने क्षेत्र में कड़ी निगरानी कराएं। कोई व्यक्ति यदि बाहर से आया है और कहीं जमात में शामिल हुआ है तो तत्काल सूचना दें। आरके तिवारी, सीओ सिटी।