अगर पर्यटन संस्थाओं के प्रस्ताव और प्रशासन की कवायद को हरी झंडी मिल जाती है तो आने वाले समय में पर्यटक हेलीकॉप्टर से ताजमहल और फतेहपुर सीकरी का दीदार कर सकेंगे। इतना ही नहीं, ताज के साये में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ लंच और डिनर का भी लुत्फ ले सकेंगे। इसके लिए महताब बाग और ग्यारह सीढ़ी के बीच व्यू प्वाइंट विकसित किया जाएगा।
ताजमहल के पार्श्व में महताब बाग और ग्यारह सीढ़ी वाले क्षेत्र को विकसित करने के लिए शुक्रवार को टूरिज्म गिल्ड और होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के सदस्यों के साथ जिलाधिकारी गौरव दयाल और आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अजय यादव ने विचार-विमर्श किया। इसमें ताज खेमा की तरह से ग्यारह सीढ़ी के पास एडीए द्वारा विकसित क्षेत्र को ताज व्यू प्वाइंट के रूप में स्थापित करने पर मंथन हुआ। इसके लिए यहां ताज के पार्श्व में योगा के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों कराए जाने पर सहमति बनी। जिससे कि पर्यटक यहां अधिक से अधिक समय गुजार सकें। इससे पर्यटकों को तो अलग अनुभूति होगी ही, यमुनापार के क्षेत्र का भी विकास होगा। इसके लिए संबंधित विभागों की अनुमति ली जाएगी। एडीए सचिव राजकुमार ने बताया कि महताब बाग से पहले हेलीकॉप्टर की लैंडिंग की भी योजना है। अगर, अनुमति मिल जाती है तो ताजमहल और फतेहपुर सीकरी के बीच हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इससे पर्यटक ताज, सीकरी के अलावा अन्य स्मारकों का भी हेलीकॉप्टर से दीदार कर सकेंगे।