जय हुनमान ज्ञान गुन सागर...ऊँ भूर्भुव: स्व: और तालियां बजाते मरीज। यह दृश्य है आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड का। यहां भर्ती लोग कोरोना वायरस को हराने के जज्बे के साथ सकारात्मक माहौल बनाए हुए हैं। रोजाना सुबह शाम भजन कीर्तन कर रहे हैं।
एसएन मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में 24 मरीज भर्ती हैं। इसमें मरीजों की सुबह गायत्री मंत्र के जाप से शुरू होती है। शाम को हनुमान चालीसा का नियमित पाठ होता है। मरीज अपने-अपने पलंग और आसपास टहलकर भजन सुनते हैं और तालियां बजाकर प्रभु के गुणगान में मगन होते हैं।
इनका इलाज करने वाले चिकित्सकों ने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण के बाद कुछ दिन तक मरीज परेशान दिखे, लेकिन अब सभी एक ही परिवार के सदस्यों की तरह रह रहे हैं। योग, ध्यान लगाने के साथ पसंदीदा संगीत सुनते हैं। सुबह और शाम नियमित भजन-कीर्तन करना इनकी आदत में शुमार हो गया है।