उत्तर प्रदेश के राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को आवेदन और विकल्प बदलने का एक और मौका दिया गया है। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) पोर्टल पर 9 से 12 अगस्त तक प्रक्रिया के बाद नवीन ऑनलाइन आवेदन/पंजीकरण और संस्थान अथवा व्यवसाय (ट्रेड) के विकल्प में परिवर्तन के लिए 15 अगस्त की रात 12 बजे तक पोर्टल खुला रहेगा।
प्रवेश प्रक्रिया में प्रदेश के राजकीय व निजी आईटीआई के विभिन्न व्यवसायों के साथ टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से 211 राजकीय संस्थानों में संचालित 10 दीर्घकालीन व्यवसायों तथा पीपीपी मॉडल पर संचालित राजकीय संस्थानों के व्यवसायों को शामिल किया गया है।
विभाग ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वेबसाइट पर आवेदन, पंजीकरण और विकल्प परिवर्तन की सुविधा उपलब्ध कराई है। जेडी संजय सागर ने बताया कि अभ्यर्थी 15 अगस्त की रात 12 बजे तक आवेदन, पंजीकरण या विकल्प परिवर्तन कर सकते हैं। इसके बाद माैका नहीं मिलेगा।