एमजी रोड पर राजा मंडी चौराहे के पास सिटी बस के रुकने के कारण लगा जाम
आगरा। एमजी रोड पर मेट्रो के निर्माण कार्य के लिए बैरिकेडिंग लगी हुई है। इस कारण एक लेन से ही वाहन निकल रहे हैं। इसी लेन पर यात्रियों को बैठाने के लिए सिटी बसों के बेतरतीब ठहराव से दिक्कत बढ़ रही है। शुक्रवार दोपहर बसों के रुकने पर बार-बार वाहनों की लाइन लगती रही। इससे लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूलों की छुट्टी के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
साईं का तकिया से एसबीआई तिराहे तक मेट्रो की बैरिकेडिंग हटा दी गई है, जबकि रावली मंदिर के पास लगी हुई है। इसी तरह कलेक्ट्रेट से सुभाष पार्क तक बैरिकेडिंग हटा दी गई है मगर आगरा काॅलेज के विधि संकाय से आगे मुख्य विंग तक बैरिकेडिंग लगी है। इसी तरह इमरजेंसी के सामने, राजामंडी, सेंट जोंस, हरीपर्वत, सूरसदन तक बैरिकेडिंग है। इस वजह से एक लेन से ही वाहन निकलते हैं।
मार्ग पर सिटी बस भी चल रही हैं। बसें यात्रियों को उतारने और बैठाने के लिए जब रुकती हैं तो जाम लग जाता है। एक तरफ बस खड़ी होती है और दूसरी तरफ बैरिकेडिंग होने की वजह से पीछे आ रहे वाहन फंस जाते हैं। पांच मिनट में वाहनों की लाइन लग रही है। डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि बसों को बैरिकेडिंग से आगे रोकने के लिए विभागीय अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस को भी लगाया जाएगा, जिससे जाम की समस्या न रहे।
-
स्कूल के बाहर वाहन खड़े होने से जाम
हरीपर्वत से सूरसदन के बीच स्कूल के बाहर बड़ी संख्या में स्कूली वाहन और अभिभावकों के वाहन छुटटी के समय खड़े हो जाते हैं। छुट्टी होने पर जब वाहन निकलते हैं तो इस मार्ग पर जाम लगने लगता है। कई लोग सड़क पार करके दूसरी लेन में जाते हैं। ऐसे में दोनों तरफ वाहनों की लाइन लग रही है।