घोटाले की शिकायत की जांच डीपीआरओ को सौंपी
- विकासखंड सुल्तानगंज की ग्राम पंचायत सहारा का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। विकासखंड सुल्तानगंज की ग्राम पंचायत सहारा में कराए गए विकास कार्य में घोटाले की जांच डीएम ने डीपीआरओ को सौंपी है। गांव के रहने वाले दलवीर सिंह ने शपथपत्र के साथ घोटाला किए गए कामों के विवरण की सूची डीएम को दी है। इस मामले में दलवीर की शिकायत पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी डीएम को जांच कराकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
ग्राम पंचायत सहारा के गांव कुजलपुर के रहने वाले दलवीर सिंह ने डीएम से शपथपत्र के साथ शिकायत की है। शिकायत में कहा है कि ग्राम प्रधान द्वारा जो विकास कार्य कराए गए हैं। वह कार्य धरातल से काफी दूर हैं। बिना काम कराए इन कामों का भुगतान निकाल लिया गया हैं। जिन हैंडपंपों के रिबोर के नाम पर रुपया निकाला गया है। वह हैंडपंप आज भी खराब ही चल रहे हैं।
शिकायत में कहा है कि विकास कार्य के नाम पर कराए गए निर्माण कार्यों की जो सूची विभाग में दाखिल की गई है। वहां काम ही नहीं हुए हैं। प्रधान ने बिना काम कराए भुगतान निकाल लिया है। बिना काम कराए रुपये निकालकर सरकारी धन का दुरुपयोग भी किया है। दलवीर ने शिकायत की जांच किसी जिला स्तरीय अधिकारी से कराने की मांग की है। डीएम ने शिकायत की जांच डीपीआरओ को सौंपी है। दलवीर द्वारा की गई शिकायत पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी डीएम को जांच कराकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।