भोगांव। नवोदय छात्रा की कथित हत्या व दुष्कर्म मामले में बुधवार को तीसरे दिन भी राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की टीम की विद्यालय में जांच करने पहुंची। करीब पांच घंटे तक जांच पड़ताल चली। इस दौरान टीम के सदस्यों ने परिसर के आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया और लोगों से पूछताछ की। शाम करीब तीन बजे टीम लौट गई।
भोगांव के जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 11वीं की छात्रा की कथित हत्या व दुष्कर्म मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की टीम जांच कर रही है। सोमवार को पहुंची छह सदस्यीय टीम बुधवार को तीसरे दिन करीब 10 बजे विद्यालय पहुंची। विद्यालय स्टाफ के कुछ लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की गई। इसके बाद परिसर के अंदर व बाहर के क्षेत्र का निरीक्षण किया। दर्ज कराए गए मामले व अब तक की जांच प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। करीब पांच घंटे तक टीम विद्यालय में ही मौजूद रही। छात्रा का कमरा, घटनास्थल, विद्यालय आने-जाने के रास्ते आदि को समझा।