आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल काॅरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने चलती कार पर लकड़ी का भारी टुकड़ा गिरने की जांच शुरू करा दी है। छह सदस्यीय टीम ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया और कर्मचारियों से पूछताछ की। साथ ही तय किया कि ठेेकेदार को नोटिस जारी किया जाएगा।
यूपीएमआरसी के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि टीम ने मौके पर जाकर जरूरी मानकों की रिपोर्ट बनाई है। इसमें ट्रैक, यू-गर्डर भी देखा है। निर्माण कार्य के दौरान बचाव के लिए जाली का उपयोग किया कि नहीं, बैरिकेडिंग लगाई या नहीं समेत अन्य बिंदुओं पर रिपोर्ट बन रही है। अभी जांच चल रही है, ठेकेदार को नोटिस जारी होगा, नोटिस का जवाब आने के बाद लापरवाही बरतने वालों पर विभागीय कार्रवाई होगी।
दरअसल, खंदारी से सिकंदरा के बीच मेट्रो ट्रैक बन रहा है। बीते सोमवार को अलीगढ़ निवासी नीरज कुमार कार से गुजर रहे थे। आईएसबीटी के पास एक लकड़ी का बड़ा टुकड़ा गिरा, जो शीशा तोड़ते हुए चालक सीट तक पहुंच गया था। इसमें नीरज को मामूली चोट भी लगी थी।