फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CAA: ताजनगरी में कायम रहा अमन, एहतियात बरत रहे अफसर, रविवार को भी इंटरनेट बंद

Sun, 22 Dec 2019 01:47 PM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
ड्रोन से की गई निगरानी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नागरिकता संशोधन कानून पर मचे बवाल के बीच ताजनगरी में शनिवार को भी अमन चैन कायम रहा। इसके बावजूद प्रशासन ने दो दिन से बंद चल रही इंटरनेट सेवा को अभी बहाल न कराए जाने का फैसला लिया। नया आदेश रविवार शाम छह बजे तक इंटरनेट बंद रखने का है।
विज्ञापन


वहीं शहर के मिश्रित आबादी वाले इलाकों में शनिवार को भी बड़ी संख्या में फोर्स तैनात रही। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भ्रमण करके हालात का जायजा लेते रहे। खुफिया एजेंसी के कर्मचारी भी सक्रिय रहे। शुक्रवार को जुमे की नमाज पर जामा मसजिद सहित अन्य मसजिदों के बाहर पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। पुलिस की सतर्कता काम आई। 

शनिवार को भी पुलिस फोर्स तैनाती बनाए रखी गई। सुबह नौ बजे से ही अधिकारी भ्रमण करने लगे। मंटोला में अतिरिक्त फोर्स लगाई गई थी। यहां सादा कपड़ों में भी जवान तैनात किए गए। एलआईयू भी सक्रिय रही। हरीपर्वत, न्यू आगरा, सिकंदरा, लोहामंडी, शाहगंज, नाई की मंडी, सदर, ताजगंज, जगदीशपुरा के भी विभिन्न इलाकों में पुलिस तैनात रही। 
विज्ञापन


108 जगहों पर विशेष सतर्कता

एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि शहर के 108 हॉट स्पॉट पर सतर्कता बरती जा रही है। बलवाइयों से निपटने के लिए पूरे इंतजाम किए गए हैं। पुराने अपराधियों पर नजर रखी जा रही है। निरोधात्मक कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है।
 

लगातार तीसरे दिन भी बंद रहेगी इंटरनेट सेवा

आगरा में यह पहला मौका है जब इतने लंबे समय के लिए इंटरनेट को बंद रखा गया हो। एडीएम सिटी के निर्देश पर बीएसएनएल ने बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे से इंटरनेट सेवा बंद कर दी। 

बाकी कंपनियों ने भी शुक्रवार सुबह सेवा बंद कर दी। मोबाइल के साथ लैंड लाइन पर भी इंटरनेट की सेवा नहीं उपलब्ध कराई जा रही है। इससे मोबाइल उपभोक्ता तो परेशान हैं, सरकारी और निजी कार्यालयों में भी ऑनलाइन कामकाज नहीं हो पा रहा है।

बीएसएनएल के ही आगरा परिक्षेत्र में इंटरनेट 3.5 लाख मोबाइल और 10,000 लैंडलाइन उपभोक्ता हैं। बीएसएनएल के महाप्रबंधक अग्रवाल का कहना है कि जिला प्रशासन की ओर से अब 22 दिसंबर को शाम छह बजे तक सेवा बंद रखने का आदेश जारी किया है।
विज्ञापन

शनिवार को शाम छह बजे के बाद इंटरनेट सेवा बहाल होनी थी, अवधि पूरी होने पर उपभोक्ता मोबाइल में इंटरनेट का सिग्नल देखते रहे। सिग्नल न आने पर निराश हुए। वहीं, सोशल मीडिया के यूजर्स इंटरनेट सेवा बंद होने से बेचैन हैं। 

पांच जुलाई को पौने आठ घंटे बंद रखी थी सेवा

भारत बंद के अघोषित आह्वान को देखते हुए पांच जुलाई 2019 को भी इंटरनेट सेवा बंद की गई थी। बीएसएनएल ने सर्वाधिक करीब पौने आठ घंटे (सुबह 08:30 बजे शाम करीब 04:15 बजे तक) सेवा बंद रखी थी। बाकी दूर संचार कंपनियों ने और कम समय तक के लिए सेवा बंद रखी थी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें