ताजनगरी आगरा में गांव से लेकर शहर तक भोर अब योग से हो रही है। कहीं योग अभ्यास हो रहा है, तो कहीं आयुष कवच पर फीडिंग। कहीं योग दिवस को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, तो कहीं आमंत्रण पत्र बांटे जा रहे हैं। मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिले में आठ लाख से अधिक लोग योग करेंगे।
हो रहे हैं दो बड़े आयोजन
योग दिवस पर दो बड़े आयोजन होंगे। फतेहपुरसीकरी स्मारक में पांच हजार लोगों के लिए व्यवस्था की जा रही है, जिसमें केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी इसमें बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। दूसरा आयोजन एकलव्य स्टेडियम में होगा। 40 से अधिक सामाजिक, शैक्षणिक व अन्य संस्थाएं भी तैयारियों में जुटी हैं। पिछले पांच दिन से 150 से अधिक स्थानों पर नियमित योग अभ्यास हो रहा है।
योग दिवस को लेकर दिख रहा खासा उत्साह
जिलाधिकारी ने सभी मजिस्ट्रेट व प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई हैं। पहली बार ग्राम पंचायत से लेकर ब्लॉक, तहसील व जिला मुख्यालय स्तर पर योग दिवस मनाया जाएगा। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जेके राना ने बताया कि योग दिवस को लेकर लोगों में इस बार खासा उत्साह है। लोगों द्वारा व्यक्तिगत एवं सामूहिक योग अभ्यास के नियमित आयुष कवच एप पर फोटो व वीडियो अपलोड हो रहे हैं।