कासगंज। गंजडुंडवारा क्षेत्र के एक गांव में ग्रामीण को मारपीट कर अपमानित किया गया, जिससे उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में ग्रामीण के पुत्र ने कोर्ट के आदेश पर गांव के ही तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।ग्राम खड़पुरा में 7 फरवरी को गांव के मंदिर में भजन संध्या का कार्यक्रम चल रहा था। जिसमें ग्रामीण जितेंद्र की कहासुनी गांव के ही रामबाबू, रामनारायण और एक अन्य से हो गई। जहां उनकी मारपीट कर दी गई। उनके पुत्र सूर्यप्रताप का कहना है कि उनका अपमान भी किया गया। जिसे वह सहन नहीं कर सके और उन्होंने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने पुलिस से मामले में शिकायत की। जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उसने कोर्ट की शरण ली।
थाना प्रभारी हरिभान सिंह राठौर ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।