कासगंज के बीएवी इंटर कॉलेज में उपस्थित माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य ।
कासगंज। जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर नए शिक्षा सत्र में व्यवस्थित और सुचारु ढंग से पढ़ाई कराने पर मंथन किया। इस दौरान विद्यालयों में बच्चों के प्रवेश बढ़ाने के साथ-साथ शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार ही शिक्षण कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि इसका पालन हर हाल में सुनिश्चित किया गया। बुधवार को बीएवी इंटर कॉलेज में हुई बैठक के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक पीके मौर्य ने कहा कि नया शिक्षा सत्र की शुरुआत हो चुकी है। शासन स्तर से शैक्षिक कैलेंडर जारी कर दिया गया है। इसका हर हाल पालन करते हुए इसके अनुरूप ही बच्चों की पढ़ाई पूरी करवाई जाए। शिक्षक डायरी अनिवार्य रूप से भरी जाए। प्रत्येक माह के हिसाब से पाठ्यक्रम का विभाजन कर उसे पूरा कराया जाए। तय समय पर मासिक परीक्षाएं कराई जाएं। विद्यार्थियों को प्रत्येक शनिवार को शैक्षिक कैलेंडर में उल्लेखित खेलकूद व अन्य गतिविधियाें में प्रतिभाग कराया जाए। प्रार्थना सभा में महापुरुषों के प्रेरक प्रसंग बताए जाएं।