बरहन। उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने सोमवार को एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने मितावली स्थित गोशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गोशाला में मिली कमियों पर संबंधित पशु चिकित्सक और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रमाकांत उपाध्याय आंवलखेड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व प्रधान पीतांबर वर्मा व उनके भाई लक्ष्मी वर्मा के निवास पर मुलाकात की। यहां उन्होंने पीतांबर वर्मा द्वारा निजी स्तर पर संचालित गोशाला का निरीक्षण किया तथा गायों की देखभाल और उनके रखरखाव के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने आंवलखेड़ा स्थित गायत्री शक्तिपीठ एवं युग ऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की जन्मस्थली के दर्शन किए। मंदिर के व्यवस्थापक जितेंद्र कुमार द्विवेदी ने उन्हें गायत्री शक्तिपीठ की महिमा और वहां संचालित गोशाला की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर शक्तिपीठ के केंद्र व्यवस्थापक जितेंद्र त्रिवेदी ने रमाकांत उपाध्याय को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान रवि त्यागी, दुष्यंत कुमार, पीतांबर वर्मा वर्मा, चंद्रपाल, विशाल भारद्वाज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।