टूंडला तहसील की कंम्यूनिटी किचिन में बने भोजन को चखते नोडल अधिकारी रंजन कुमार साथ में डीएम चन्द्?
- फोटो : TUNDLA
टूंडला। शनिवार को जिले के नोडल अधिकारी प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग रंजन कुमार ने दोपहर में तहसील सहित हॉटस्पॉट क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने तहसील स्थित सामुदायिक रसोई व गरीबों को प्रदान की जाने वाली रसद किट की एक-एक चीज को बारीकी से देखा। कमी नजर आने पर दुरुस्त करने की सख्त हिदायत भी दी।
सबसे पहले तहसील प्रशासन द्वारा संचालित की जा रही सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया। वहां बनने वाले खाने के मीनू के बारे में जानकारी ली। साथ ही जनता के लिए बनाए गए चावल को स्वयं चखकर देखा। जिस पर उन्होंने संतुष्टि जाहिर की। उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए इस बात का विशेष ध्यान दिया जाए कि खराब भोजन वितरित न हो जाए। इसके बाद उन्होंने तहसील प्रशासन द्वारा बांटने वाली रसद किट को को खुलवाकर आटा और चावल की गुणवत्ता को देखा। आटा और चावल की क्वालिटी पर ध्यान देने की बात कही।
इसके बाद कंट्रोल रूम में पहुंचकर शिकायतों को खुद सुना और उस पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने राशन डीलरों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि उपभोक्ता को राशन से वंचित न रखा जाए और न ही कम राशन दिया जाए। अन्यथा की स्थिति में ऐसे राशन डीलर को जेल भेजा जाए। इस दौरान जिलाधिकारी चंद्रविजय सिंह, उपजिलाधिकारी एकता सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी अजय चौहान, तहसीलदार डॉ. गजेन्द्रपाल सिंह, नायब तहसीलदार अनीश सिंह आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
तहसील प्रशासन में हड़कंप
नोडल अधिकारी सचिव लोक निर्माण विभाग रंजन कुमार के आने की सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन में हड़कंप मचा रहा। सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई थीं। फिर भी उन्हें निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां नजर आईं। जिस पर उन्होंने उन्हें सुधारने की बात कही।
सीएचसी टूंडला व हॉटस्पॉट उसायनी का भी किया निरीक्षण
तहसील व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण के उपरांत नोडल अधिकारी रंजन कुमार हॉटस्पॉट गांव उसायनी पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को गांव पर विशेष निगरानी रखने एवं गांव से कोई बाहर न जाए और न बाहरी व्यक्ति अंदर जाए के निर्देश दिए। उन्होंने गांव में खानपान आदि व्यवस्थाएं भी चौक-चौबंद रखने को कहा। इस दौरान उनके साथ डीएम के अलावा एसएसपी सचिन्द्र पटेल, सीएमओ डॉ. एसके दीक्षित आदि मौजूद रहे।