किशनी (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र में गोली लगने से घायल हुए कांवड़िए की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है।
इटावा के सैफई थाना क्षेत्र के गांव गींजा निवासी अनुज कुमार शाक्य सोमवार रात साथियों के साथ श्रृंगीरामपुर कांवड़ भरने पिकअप से जा रहा था। थाना क्षेत्र के रामनगर तिराहे के पास आगे चल रहे ट्रैक्टर ओवरटेक करने के दौरान ट्रैक्टर सवार कावड़ियों से झगड़ा हो गया। इसी दौरान ट्रैक्टर सवार किसी व्यक्ति ने फायरिंग कर दी थी। इससे एक गोली अनुज कुमार के सिर में लग गई थी।
गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया गया था। उसके पिता रामानंद ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी है। शुक्रवार की देर रात अनुज ने मेडिकल कॉलेज सैफई में दम तोड़ दिया। जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। मामले को लेकर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के साथ ही जानलेवा हमला की वारदात को हत्या की धाराओं में तरमीम कर लिया जाएगा।
पुलिस को मिले अहम सुराग
अनुज को गोली मारने वाले ट्रैक्टर सवार लोगों की तलाश में पुलिस की टीमें मध्य प्रदेश के भिंड में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस के हाथ एक टोल से मिले सीसीटीवी में ट्रैक्टर की पहचान कर ली गई है। हालांकि अभी नंबर नहीं मिल सका है। थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।