आगरा के सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएनएमसी) की इमरजेंसी में मरीजों को भर्ती करने में लापरवाही बरती जा रही है। शुक्रवार को सादाबाद की सात साल की बच्ची दर्द से तड़पती रही, लेकिन उसके परिजनों को पर्चा बनवाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। बच्ची की हालत बिगड़ने पर करीब एक घंटे बाद उसे भर्ती किया गया।
सादाबाद की सात साल की सिया रास्ता पार करते वक्त मोटर साइकिल की टक्कर से घायल हो गई थी। उसके पैर और जांघ में चोट लगी थी। परिजन बच्ची को शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे इमरजेंसी लेकर पहुंचे।
परिजन बनी सिंह ने बताया कि बच्ची दर्द से कराह रही थी। इमरजेंसी में वार्ड ब्वॉय से स्ट्रेचर लाने के लिए कहा, लेकिन सुनवाई न होने पर बच्ची को बेंच पर ही लिटा दिया। डॉक्टरों से बच्ची को भर्ती करने के लिए कहा तो उन्होंने पहले पर्चा बनवाने के लिए कहा।