कोसीकलां। पावर कॉरपोरेशन अब छोटे व्यापारी और बड़े उद्योगपति को छूट देने जा रहा है। 30 जून तक बिल जमा करने पर एक माह का फिक्स चार्ज माफ कर दिया है। ये छूट 3 से 75 किलोवाट तक के मीटर धारकों के लिए है।
लॉकडाउन के चलते पावर कॉरपोरेशन को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। जिसकी भरपाई के लिए बिजली के आला अफसर नई-नई योजनाएं लागू कर रहे हैं। पहले किसान आसान किश्त योजना लागू की। इसके बाद अब 30 जून तक बिल जमा करने पर एक माह का फिक्स चार्ज भी माफ करने की योजना लॉन्च की है। लॉकडाउन में तमाम औद्योगिक इकाइयों को बंद करा दिया गया था।
आय के साधन बंद होने के कारण लोग काफी परेशान रहे। ऐसे में ऊर्जा निगम की ओर से जारी बिलों में डिमांड एवं फिक्स चार्ज जोड़ दिए गए। इस चार्ज को समाप्त कराए जाने की मांग विभिन्न संगठनों द्वारा की गई। शासन तक यह मांग पहुंची तो ऊर्जा मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया।
इसी के चलते आम व्यापारी और उद्योपतियों ने अपने प्रतिष्ठान व फैक्टरी में 3 से 75 किलोवाट तक के बिजली मीटर लगवा रखे हैं। लॉकडाउन के कारण बिल जमा करने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अफसरों ने ऐसे में थोड़ी राहत दे दी है। अधिशासी अभियंता विनोद कुमार गंगवार ने बताया कि ऐसे व्यापारी जिनका कॉमर्शियल और उद्योग मीटर 3 से 75 किलोवाट तक है। वो 30 जून तक अपना बिल भरेंगे तो उनका एक माह का फिक्स चार्ज माफ कर दिया जाएगा। जुलाई माह के बिल में छूट लगकर आएगी।