ताजमहल कब्र के लिए अलग और बाकी हिस्सों के दीदार के लिए अलग-अलग टिकट खरीदना पड़ सकता है। नीरी की सिफारिशों के मद्देनजर भीड़ प्रबंधन के लिए स्टेप टिकटिंग को लेकर संस्कृति मंत्रालय, दिल्ली में अहम बैठक हुई।
इसमें तय हुआ कि सुबह से दोपहर के लिए एक शिफ्ट और दोपहर से शाम तक के लिए दूसरी शिफ्ट में ताजमहल के टिकटों की बिक्री की जाए। बच्चों के लिए जीरो वैल्यू टिकट होगी और 40 हजार पर्यटकों की संख्या हर दिन के लिए तय कर दी जाए। इन सभी मुद्दों पर संस्कृति सचिव ने सहमति जताई है, लेकिन अंतिम फैसला संस्कृति मंत्री डा. महेश शर्मा ही लेंगे।
ताजमहल में भारी भीड़ के कारण अव्यवस्थाओं का आलम रहा। दस दिन तक ताज में सभी इंतजाम ध्वस्त हो गए और हजारों लोग ताज देखे बिना ही लौट गए।
मंगलवार दोपहर को दिल्ली में संस्कृति मंत्रालय में हुई बैठक में आगरा से डीएम गौरव दयाल, आईजी राजा श्रीवास्तव, एएसआई अधीक्षण पुरातत्वविद डा. भुवन विक्रम, उपनिदेशक पर्यटन दिनेश कुमार, सीआईएसएफ कमांडेंट ब्रज भूषण, एडीए उपाध्यक्ष अनिल कुमार ढींगरा से सुझावों पर चर्चा की गई। इनमें ताज पर पर्यटकों की संख्या 40 हजार प्रतिदिन पर सीमित करने पर जोर दिया गया।
ये रहेगी शिफ्ट
ताजमहल
- फोटो : अमर उजाला
ऑन लाइन और आफ लाइन 40 हजार टिकट बेचने के बाद ताज में दो तरह के टिकट होंगे, जिसमें 100 रुपये का टिकट खरीदने पर कब्र भी देखी जा सकेंगी, वहीं 50 रुपये का टिकट बाकी हिस्सों को देखने के लिए लग सकता है। सुबह से दोपहर और शाम तक के लिए शिफ्ट भी तय होगी, जिससे सुबह टिकट खरीदने वाले पर्यटक शाम तक रुकें नहीं।
विदेशियों के टिकट पर कोई चर्चा नहीं
ताजमहल अवलोकन के दौरान इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम
- फोटो : FILE PHOTO
ताज पर भीड़ का दबाव कम करने के लिए सिर्फ भारतीय नागरिकों के टिकट में बदलाव किया जा रहा है। सार्क देशों के नागरिकों के टिकट के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है। इसी तरह सार्क के अतिरिक्त अन्य देशों के नागरिकों के टिकट पर कोई बात नहीं की गई है।
सवाल यह है कि इसके बिना व्यवस्था में सुधार कैसे हो पाएगा। टूरिस्ट सीजन में बाहर से काफी सैलानी आते हैं। इसी सीजन में भीड़ का दबाव रहता है। एक दिन में 20 हजार से ज्यादा विदेशी सैलानी तक आते हैं।
अभी ये है टिकट
40 रुपये का टिकट है भारतीय नागरिकों के लिए
530 रुपये का टिकट है सार्क देशों के नागरिकों के लिए
1000 रुपये का टिकट है सार्क से बाहर के नागरिकों के लिए