चैंपियंस ट्राफी में भारत की जीत का समर्थन करने वाले आगरा के आजाद दिवाकर डरे नहीं हैं। ना ही उनकी दीवानी किक्रेट को लेकर कम हुई है। हालांकि उनका कहना है कि अपनी मां की चिंता की वजह से उन्होंने पुलिस को तहरीर दी है। बतौर दिवाकर टीम इंडिया को समर्थन देने का उनका यह सिलसिला अब और शिद्दत से जारी रहेगा।
गुरुवार को घटनाक्रम के बाद अमर उजाला से बातचीत में इंडियन क्रिकेट टीम के जबर फैन आजाद दिवाकर ने कहा कि टीम इंडिया का समर्थन करने के लिए अगर उन्हें इस तरह डराया जाएगा तो इंडिया की जीत पर वे पांच दिन की बजाय अब छह दिन फ्री प्रेस करेंगे।
इसके साथ ही आजाद ने कहा कि अब तो जब भी इंडिया और पाकिस्तान का मैच होगा तो वह भारतीय टीम को प्रोत्साहित करने के लिए कभी पीछे नहीं रहेंगे और अपने देश को समर्थन करने का क्रम जारी रहेगा।
पुलिस को दी तहरीर में आजाद ने बताया कि 13 तारीख को उनके मोबाइल नंबर पर 0041 नाम के नंबर से इंटरनेशनल कॉल आई थी। फोन करने वाले ने उन्हें टीम इंडिया का समर्थन करने के नाम पर धमकी दी और अपशब्द कहे। बतौर आजाद वे तो व्हाट्सएप चलाना भी नहीं जानते। कालोनी के ही बच्चों ने उनके बैनर का फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
इसके बाद उनके नंबर पर देश-विदेश से बधाई के कई कॉल आए। भारतीय टीम के फैंस ने उनकी इस मुहिम को काफी सराहा लेकिन इस एक कॉल से उनको थोड़ा दुख पहुंचा। उनका परिवार भी इससे दुखी हुआ लेकिन आजाद का कहना है कि वह अपने मकसद से बिल्कुल भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्हें पुलिस व प्रशासन का भी पूरा सहयोग मिल रहा है।