कासगंज। कोरोना संक्रमण के कारण इस बार स्वतंत्रता दिवस के उल्लास पर पहरा रहेगा। पुलिस ने सुरक्षा का अंतिम खाका खींच लिया है। सड़कों से लेकर गलियों तक कड़ी निगरानी होगी, जगह-जगह वाहन चेकिंग की जाएगी।
वर्ष 2018 में तिरंगा यात्रा को लेकर गणतंत्र दिवस को बवाल हो गया था। तब से पर्वों पर विशेष सतर्कता रहती है। इस बार स्वतंत्रता दिवस पर कोरोना की गाइडलाइन प्रभावी रहेंगी। जिले में धारा 144 का भी प्रभावी ढंग से पालन होगा। संवेदनलशीलता और कोरोना संक्रमण के खौफ के कारण शनिवार को पुलिस प्रशासन कड़ी निगरानी करेगा। वीकेंड लॉकडाउन का भी कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
डीएम सीपी सिंह एवं एसपी सुशील घुले ने जिले के लोगों से शांति के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाने की अपील की है। उन्होंने लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाइयां दी हैं। साथ ही यह भी कहा है कि कोरोना संक्रमण की गाइडलाइन का पालन करें और घरों में रहकर पर्व मनाएं। सिर्फ जरूरतमंद ही घरों से निकलें।
शनिवार को वीकेंड लॉकडाउन हैं और स्वतंत्रता दिवस भी है। ऐसे में व्यापारी बाजार बंद रखें। शहर में जगह-जगह निगरानी कराई जाएगी। - ललकित कुमार उपजिलाधिकारी सदर
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर संवेदनशीलता के मद्देनजर जगह-जगह पुलिस तैनात रहेगी। निर्धारित प्वाइंट पर कड़ी मुस्तैदी के साथ पुलिस निगरानी करेगी। - आरके तिवारी, सीओ सिटी।