आगरा में धनौली में निर्माणाधीन एयरपोर्ट वाली रोड पर 49 करोड़ रुपये नाला बनाने पर खर्च किए गए, लेकिन यह नाला अधूरा होने के साथ सिल्ट से चोक है। इस वजह से खेरिया मोड़, नरीपुरा, धनौली तक की मुख्य सड़क के साथ गलियां और मोहल्ले जलभराव के शिकार हैं। सिविल सोसायटी ने मुख्य विकास अधिकारी से निरीक्षण कर अधूरे नाले से हो रहे जलभराव के समाधान की मांग की है।
एयरपोर्ट के सिविल एन्क्लेव का निर्माण धनौली गांव में मुख्य सड़क के किनारे की जमीन पर चल रहा है। प्री-मानसून और मानसून की बारिश में एयरपोर्ट के गेट तक जलभराव हो रहा है। यहां बारिश का पानी निकालने के लिए जो नाला बनाया गया, वह अधूरा है। सिविल सोसायटी के सचिव अनिल शर्मा के मुताबिक धनौली, मलपुरा तक के पानी की निकासी कहां जाए, इसकी जानकारी ही नहीं की गई।
खेरिया और दरगाह कमाल खां रोड से धनौली तक जल निगम ने जब से नाला बनवाया, तब से समस्या और बढ़ गई। जल निगम ने इन्हें भारी स्लैब से पाटने के साथ जगह-जगह अधूरा छोड़ दिया, जिससे पानी की निकासी ही नहीं है। यह स्टोरेज टैंक की तरह से बने हुए हैं।