फिरोजाबाद के सिरसागंज में आयकर विभाग की टीम ने राकेश कुमार जैन की पांच फर्म, आवास पर एकसाथ की छापा मारा। इस कार्रवाई में एक करोड़ 25 लाख रुपये की अघोषित आय सामने आई है। गुरुवार देर रात तक चली कार्रवाई से सिरसागंज के प्रमुख कारोबारियों की नींद उड़ गई है।
अपर आयकर आयुक्त अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में आगरा, इटावा व फिरोजाबाद की संयुक्त टीम ने बुधवार को सिरसागंज निवासी राकेश कुमार जैन के प्रतिष्ठान महावीर कोल्ड स्टोरेज, संसार सोप साबुन फैक्ट्री, सन साइन इंडिया डिटर्जेंट इंडस्ट्रीज, जैन ट्रेडर्स, राज ट्रेडर्स के साथ इटावा रोड स्थित आवास पर एकसाथ छापा मारा।
आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई से कारोबारी सहित यहां कार्यरत कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान अफसरों ने किसी के बाहर जाने और अंदर से बाहर जाने पर भी रोक लगा दी। किसी को फोन न कर सकें, इसके लिए सभी के मोबाइल जब्त कर लिए गए थे।
आयकर विभाग के अफसर गुरुवार को रात दो बजे तक छापेमारी में जुटे रहे। इस दौरान मौजूद रिकार्ड के आधार टैक्स चोरी का आकलन किया। आयकर विभाग के अफसरों का कहना है कि कारोबारी कारोबारी के पांच फर्मों व आवास पर बने कार्यालय पर मौजूद सभी रिकार्ड व कंप्यूटर की हार्ड डिस्क को जब्त कर लिया है। इनकी जांच की जाएगी।