आगरा। शहर की नामी सराफ फर्म एपी ज्वेलर्स के चार ठिकानों पर शुक्रवार को आयकर विभाग की टीमों ने दस्तक दी। करोड़ों रुपये की कर चोरी की आशंका में विभाग की चार टीमों ने फर्म मालिक के किनारी बाजार स्थित मुख्यालय समेत चार परिसरों पर एक साथ सर्वे शुरू किया। दोपहर करीब चार बजे शुरू हुई कार्रवाई देर रात तक चलती रही।
आयकर विभाग की टीम सबसे पहले किनारी बाजार स्थित फर्म के मुख्यालय पहुंची। यहां जब तक कर्मचारी व फर्म मालिक कुछ समझ पाते, तीन अन्य ठिकानों पर टीमों ने पहुंचकर परिसर को अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद सभी के फोन जब्त कर उनकी मौजूदगी में दस्तावेजों को खंगालना शुरू कर दिया।
सूत्रों के अनुसार विभाग को करोड़ों रुपये की कर चोरी की आशंका है। सर्वे के दौरान टीमों को लाखों रुपये की नकदी भी मिली है। इसको लेकर फर्म मालिक से जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही टीमें खरीद-बिक्री के सभी रिकॉर्ड को खंगालने में जुटी हैं। बिलों को भी चेक किया जा रहा है। अधिकारी कारोबारी फर्म के हर लैपटॉप, कंप्यूटर व हार्डडिस्क-पेनड्राइव का डाटा खंगाल रहे हैं। देर रात तक किसी को भी परिसर के अंदर दाखिल होने या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। सूत्रों का कहना है कि फिलहाल सभी परिसरों में मिलने वाले डाटा का प्रारंभिक अध्ययन करने के बाद ही टीमें जांच पूरी कर परिसर छोड़ेंगी।