आयकर विभाग के इन्वेस्टिगेशन विंग ने मनी एक्सचेंजर सोनी कार्नर पर की बड़ी कार्रवाई
- फोटो : income tax
आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग ने गुरुवार को मनी एक्सचेंजर फर्म सोनी कार्नर पर छापा मारा। छापे के दौरान टीम को 20 लाख रुपये मिले, जिसका हिसाब फर्म नहीं दे सकी। टीम ने कैश को सीज कर दिया। टीम ने एक साथ तीन ठिकानों जौहरी बाजार, किनारी बाजार और रावतपाड़ा स्थित प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। नोटबंदी के दौरान के कई रिकार्ड भी एक्सचेंजर से मिले हैं। इस आधार पर केस प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को भी सौंपा जा सकता है।
आयकर विभाग के संयुक्त निदेशक जांच अमरेश कुमार तिवारी के निर्देशन में उप निदेशक जांच राजेश गुप्ता और सहायक निदेशक जांच सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में जौहरी बाजार स्थित सोनी कार्नर पर छापा मारा गया। नोटबंदी के दौरान पुराने नोटों को एक्सचेंज करने के कई मामलों की शिकायत विभाग के पास आई थी। रावतपाड़ा, किनारी बाजार और जौहरी बाजार के ठिकानों से कई ऐसे कागजात मिले हैं, जिनमें कैश का भारी लेन-देन होने का ब्योरा है। आयकर विभाग की इस कार्रवाई के बाद शाम को जौहरी बाजार में सराफा प्रतिष्ठानों के शटर धड़ाधड़ बंद हो गए। कार्रवाई में आयकर निरीक्षक संतोष केसरी, राजेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह, जितेंद्र शर्मा, मनोज श्रीधर, सोबरन सिंह, अजीत मिश्रा, रमेश राम आदि मौजूद रहे।