समृद्धि ज्वैलर्स और सिटी हॉस्पिटल पर छापा
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा में आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को समृद्धि ज्वैलर्स के दो प्रतिष्ठानों पर रिकार्ड खंगाले। कंप्यूटर और लैपटॉप में दर्ज डाटा भी लिया गया है। शाम से शुरू हुआ आपरेशन सर्च (सर्वे) रात तक चलता रहा।
वहीं सिटी हॉस्पिटल पर भी आयकर अधिकारियों की टीम ने सर्वे की कार्रवाई की। सभी जगह भारी पुलिस फोर्स के बीच हुए सर्वे से कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा। कई जगह दुकानें बंद हो गईं थीं। अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी हासिल किए हैं।
शाम को करीब चार बजे आयकर विभाग की अपर आयुक्त वेनू सिन्हा के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम महानगर के कृष्णा नगर स्थित सुरेश चंद सराफ समृद्धि ज्वैलर्स तथा चौक बाजार स्थित समृद्धि ऑर्नामेंट पर एक साथ पहुंची थी।
टीम के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल भी था। किसी को न बाहर आने दिया गया न भीतर जाने दिया गया। अफसरों ने बताया कि सारा रिकार्ड चेक किया गया है। अफसरों ने खरीद फरोख्त संबंधी सभी कागजात अपने कब्जे में ले लिए। ज्वैलर्स के यहां हुई सर्वे की कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।