आगरा। राधा माधव क्रिकेट मैदान पर खेली जा रही अंडर-15 गर्ल्स विंटर कप में शनिवार को आद्या ब्लू ने डीसीए फिरोजाबाद को 3 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आद्या रेड और आद्या ब्लू के बीच 18 दिसंबर को खेला जाएगा।
टॉस आद्या ब्लू की कप्तान ने जीता और पहले क्षेत्र रक्षण करने का निर्णय लिया। निर्धारित 35 ओवरों के मैच में डीसीए फिरोजाबाद की टीम 26.2 ओवर में 81 रन पर ही सिमट गई। दिशा ने 38 रन बनाए। आद्या ब्लू की ओर से कल्पना, सृष्टि और अनुष्का ने 2-2 विकेट और सिमरन व श्रेया यादव ने एक-एक विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आद्या ब्लू ने 23.1 ओवर में 7 विकेट खोकर तय लक्ष्य प्राप्त कर लिया। डॉली ने 30 और कल्पना लोधी ने 15 रन बनाए। डीसीए फिरोजाबाद की ओर से नंदनी यादव ने 3 और वंदना यादव ने एक विकेट प्राप्त किया। शानदार प्रदर्शन के लिए कल्पना लोधी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।