मैनपुरी। पिछले कुछ दिनों से लगातार जिले में उमसभरी गर्मी पड़ रही। ऐसे में जिले में बुखार और डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को मरीजों की भीड़ पहुंची। यहां 919 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर हालत में 33 मरीज भर्ती कराए गए। पांच मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया।
सोमवार को सुबह से ही जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ देखी गई। फिजीशियन कक्ष में सर्वाधिक 300 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। वहीं बाल रोग विशेषज्ञ के पास भी मरीजों की भीड़ देखी गई। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में 33 मरीजों को भर्ती कराया गया। इनमें सात मरीज बुखार तो सात ही मरीज पेटदर्द और डायरिया से पीड़ित थे। छह मरीजों काे ब्लड प्रेशर की समस्या होने पर भर्ती कराया गया। अस्थमा की दिक्कत और हार्ट अटैक से पीड़ित पांच मरीज मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किए गए। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि गर्मी के चलते बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। ऐसे में धूप से बचाव रखें।