मैनपुरी। ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए दो शिकायतकर्ताओं की धनराशि उनके खाते में वापस कराई गई है। एसपी से शिकायत के बाद साइबर सेल की टीम को जांच सौंपी गई थी। टीम अब ठगी करने वाले शातिरों की तलाश में जुटी है।
थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव घिटौली निवासी निशा ने कुछ दिन पूर्व एसपी अशोक कुमार राय को एक प्रार्थनापत्र दिया था। बताया था कि उसने एक साइट पर नौकरी के लिए आवेदन किया था, इसके बाद खाते से 20 हजार रुपये की नकदी निकाल ली गई। वहीं एक शिकायत नरेंद्र सिंह निवासी नगला बख्ती थाना किशनी की ओर से दी गई थी।
बताया था कि उसके खाते से 45 हजार रुपये की नकदी निकाली गई थी। शिकायतों पर एसपी ने साइबर सेल प्रभारी विक्रम सिंह को जांच सौंपी गई थी। टीम के एक्सपर्ट सरयू कुमार, विजय सिंह, गौरव कुमार, महीपाल सिंह और मनोज कुमार ने कार्रवाई करते हुए खाते से निकाली गई धनराशि को फ्रीज करा दिया। सोमवार को दोनों ही पीड़ितों की धनराशि उनके खाते में वापस कराई गई है।