फतेहपुर सीकरी। विकास खंड के तेहरा रावत गांव में मंगलवार को ग्राम चाैपाल लगाई गई। ग्रामीणों ने चकबंदी से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उठाईं। आपत्तियां दर्ज कराईं। चकबंदी अधिकारी बंदोबस्त ने मौके पर ही सभी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
चकबंदी आयुक्त, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर लगाई गई चाैपाल की अध्यक्षता चकबंदी अधिकारी बंदोबस्त दिनेश कुमार ने की। उन्होंने बताया समस्त ग्रामीण चकबंदी प्रक्रिया को आपसी संमजस्य और सद्भावना के साथ पूर्ण कराएं। चकबंदी से किसानों को बहुत सारे फायदे हैं। चकबंदी के संबंध में कुछ लोग भ्रांतियां फैला रहे हैं। किसानों को आश्वस्त किया गया कि उनकी आपत्तियों का निस्तारण नियमानुसार और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। साथ ही चकबंदी की कार्यवाही में लापरवाही न बरतने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए गए। चकबंदी अधिकारी बंदोबस्त ने निर्देश दिए चकबंदी लेखपाल ग्राम स्तर पर बैठक कर प्रत्येक बृहस्पतिवार को किसानों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान कराएं। चाैपाल में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गजेंद्र सिंह, सहायक चकबंदी अधिकारी चंद्रवीर सिंह, चकबंदी लेखपाल राजेश कुमार, कानूनगो सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।