आगरा के बाह के तकिया शहर निवासी पूनम उर्फ रिचा को 1 माह के बेटे के साथ घर से निकालने और सिजेरियन डिलीवरी के 80 हजार रुपये मांगने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शादी 20 फरवरी 2025 को नदवई भरतपुर निवासी पवन कुमार से हुई थी। आरोप है कि 31 अक्टूबर 2025 को बेटा होने के बाद से ससुराली रुपयों के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। 27 नवंबर 2025 को उसे मायके भेज दिया गया। विरोध और शिकायत करने पर आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से उसका मोबाइल, एल्बम व पेनड्राइव छीन ली और घर में न घुसने देने की धमकी दी। बाह पुलिस ने पति पवन कुमार, जेठ वेदप्रकाश खंडेलवाल और ससुर जगदीश खंडेलवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसीपी बाह जितेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर पर बाह पुलिस ने 3 ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज की है। विवेचना में प्रकाश में आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।