गांव खरगपुर में एक गर्भवती की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के मामले में मायके पक्ष ने ससुरालीजन पर हत्या का आरोप लगाया है। ससुरालीजन की ओर से रात को पैर फिसलने के बाद पेट के बल गिरने की वजह से मौत होने की बात कही थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ससुरालीजन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।
जनपद फर्रुखाबाद के थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के बीबीगंज मोहल्ला निवासी कौशल ने बताया कि बहन शशि की शादी 4 वर्ष पूर्व थाना क्षेत्र के गांव खरगपुर निवासी शिवा के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे। पति शिवा, ससुर रमेश चंद्र, सास ललित, जेठ गौरव मांग पूरी नहीं होने पर बहन को प्रताड़ित करते आ रहे थे। 20 सितंबर की रात को बहन की बाइक की मांग को लेकर पिटाई की गई। ससुरालीजन ने उसकी हत्या कर दी। बहन छह माह की गर्भवती थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने ससुरालीजन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह चोट लगना बताया है। जांच व कार्रवाई की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।