बाह। जैतपुर के गढ़ी प्रतापपुरा गांव में झगड़े और रंगबाजी के मामले में युवक के साथ जमकर मारपीट की। फायरिंग कर दहशत फैला दी। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।
गढ़ी प्रतापपुरा के अंकित ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को दिन में गांव के पंप पर बाइक सवार युवक पेट्राेल लेने आया था। पेट्रोलपंप पर मौजूद लोगों से रंगबाजी कर रहा था। जिसका उसने विरोध किया था। शाम को 7 बजे वह पेट्रोलपंप के सामने बाबा के होटल पर बैठा था। 3 बाइक पर सवार 9 युवक आए और रंगबाजी की रंजिश में उसके साथ मारपीट करने लगे। उसने होटल के कमरे में दुबक कर अपनी जान बचाई। कमरा अंदर से बंद कर छत पर चढ़ा तो हमलावर पिस्टल और तमंचे से फायरिंग करने लगे। जिससे मची भगदड़ और चीख पुकार पर भीड़ जमा हो गई। जिस पर हमलावर हथियार लहराते हुए भाग गये। मारपीट फायरिंग की सूचना पर जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से कुछ खोका कारतूस बरामद किए हैं। एसओ जैतपुर ने बताया कि पेट्रोलपंप पर झगड़े के मामले में मारपीट और फायरिंग की सूचना मिली थी। फोरेंसिक टीम बुलाई है, जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। हमलावरों की पहचान कराई जा रही है।