देदामऊ में रसूखदारों ने ट्रैक्टर से जुतवा दी फसल
- पीड़िताओं की तहरीर पर करहल पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। गांव देदामऊ में रसूखदारों ने दो किसान महिलाओं के खेत में खड़ी गेहूं की फसल को ट्रैक्टर चला कर जुतवा दिया। परेशान पीड़िताओं की ओर से थाने में तहरीर दी गई। एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव देदामऊ निवासी गिरजा देवी और अखिलेश कुमारी ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया। गिरजा देवी ने बताया कि उसे पट्टे की जमीन पर पैमाइश के बाद कब्जा मिल गया था। उसने खेत में गेहूं की फसल की थी। छह दिसंबर को रसूखदार गांव अनिया निवासी स्वतंत्र कुमार और सौरभ ने गुंडागर्दी के बल पर फसल को ट्रैक्टर से जुतवा दिया। अखिलेश कुमारी ने बताया कि उसने भी कब्जा मिलने के बाद अपनी जमीन पर गेहूं की फसल बोई थी। 7 दिसंबर को नगला अनिया निवासी स्वतंत्र कुमार उर्फ पूरन यादव और सौरभ यादव ने ट्रैक्टर से उसकी फसल को जुतवा दिया। विरोध करने पर आरोपी झगड़ा करने पर आमादा हो गए। दोनों ही शिकायतों पर एसडीएम ने थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। मामला दर्ज करने के बाद थाना पुलिस ने जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।