भोगांव। मोहल्ला पथरिया में मंगलवार को दिनदहाड़े कार्ड देने के बहाने शिक्षक के घर में घुसे दो बदमाशों ने पत्नी से चाकू के बल पर लूट की वारदात अंजाम दी। बदमाश सीसीटीवी की डीवीआर भी साथ ले गए। मौके पर फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जांच के लिए नमूने एकत्र किए। एसपी ने निरीक्षण कर पीड़ित परिजन से घटना की जानकारी ली।
मोहल्ला पथरिया निवासी सुबोध कुमार सरकारी शिक्षक हैं। मंगलवार सुबह वह रोजाना की तरह स्कूल गए थे। बच्चे स्कूल गए हुए थे। घर में पत्नी अलका अकेली थीं। वारदात के बाद जांच करने पहुंची पुलिस को पीड़िता अलका ने बताया कि सुबह करीब 10:40 बजे किसी ने दरवाजा खटखटाया। उन्होंने आवाज लगाकर पूछा तो कहा कि वह कार्ड देने आए हैं। जैसे ही दरवाजा खोला तो देखा कि सामने दो युवक खडे़ थे। वह जब तक कुछ समझ पाती, एक बदमाश ने उनका मुंह दबा लिया और खींच कर दूसरे कमरे में ले गए। वहां चाकू और असलहा के बल पर लाखों रुपये के सोने चांदी के जेवर व 25 हजार रुपये की नकदी लूट की वारदात अंजाम दी।
बदमाशों को नहीं दी लॉकर की चाबी
अलका ने बताया कि बदमाशों ने करीब आधे घंटे तक घर में लूटपाट की। इस दौरान कमरों में अलमारी बक्से खोलकर देखे। उनसे लॉकर की चाबी मांगी तो उन्होंने नहीं दी, कह दिया कि लॉकर बैंक में है। लाखों के जेवर और 25 हजार की नकदी लूटने के बाद बदमाश उन्हें कमरे में बंद कर वहां से भाग गए। सीसीटीवी का डीवीआर भी उखाड़ कर ले गए।
जेठानी ने आकर खोला दरवाजा
दिनदहाडे़ लूट की वारदात के बाद अलका दहशत में आ गई थीं। कमरे में बंद किए जाने के बाद भी काफी देर बदमाशों की मौजूदगी को लेकर डरी रहीं। इस बीच बाहर निकलने के लिए उन्होंने कमरे की दीवार जो कि उनकी जेठानी के घर से सटी है। उसे जोर जोर से मारा। तब जेठानी को कुछ शक हुआ और वह घर आईं। दरवाजा खोल कर अलका को बाहर निकाला। सूचना मिलने के बाद शिक्षक पति सुबोध यादव घर आ गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
आसपास लगे सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस
मोहल्ला पथरिया में दिनदहाड़े हुई लूट से जहां शिक्षक दंपती और परिजन दहशत में हैं, वहीं आसपास के लोग भी डरे हुए हैं। मौके पर पहुंचे एसपी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पांडेय को जल्द खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी खंगलाने में जुट गई है। खुलासे को लेकर एसपी ने तीन टीमों को लगाया है।
घटनास्थल का गहनता के साथ निरीक्षण किया गया है। शिक्षक दंपती से घटना के बारे में जानकारी ली गई। जांच की जा रही है, पुलिस जल्द ही खुलासा करेगी। तीन टीमो का गठन किया गया है। - गणेश प्रसाद साहा, एसपी मैनपुरी