दुकान में घुसकर मचाया उत्पात, सामान फेंका बाहर, परिवार ने सड़क पर जागकर काटी रात शिकायत के बाद
- फोटो : शहर के एक होटल पर चेकिंग करते अग्निशमन विभाग के अधिकारी।
अछनेरा। थाना क्षेत्र की जगन विहार कॉलोनी में बुधवार शाम शराब के नशे में धुत चार दबंगों ने एक लकड़ी की दुकान पर हमला कर जमकर मारपीट और तोड़फोड़ की। दुकानदार और पत्नी से अभद्रता की। दुकान में आग लगाने की धमकी दी। डरे सहमे परिवार ने सड़क पर रात बिताई।
पीड़ित दुकानदार लक्ष्मण दास के मुताबिक, जब वह दुकान पर भोजन कर रहे थे, तभी घड़ी भरनी निवासी चार आरोपियों ने आकर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आईं उनकी पत्नी के साथ भी अभद्रता की। आरोपियों ने दुकान का टिनशेड तोड़ दिया, सामान बाहर फेंक दिया। दुकान में आग लगाने की धमकी दी। पीड़ित परिवार दुकान में आगजनी की आशंका के चलते पूरी रात सड़क पर बैठकर पहरेदारी करने को मजबूर रहा। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन आरोपी तब तक भाग चुके थे। घटना के 24 घंटे बाद भी स्थानीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई न होने से परेशान पीड़ित ने अब पुलिस आयुक्त (पुलिस कमिश्नर) को प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। वहीं, अछनेरा पुलिस का कहना है कि शिकायती पत्र मिल गया है। मामले की जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।